हापुड़ में 27 सितंबर से गूंजेगी वृंदावन की रासलीला, श्री राधा छठी महोत्सव की तैयारियां शुरू

हापुड़ में 27 सितंबर से गूंजेगी वृंदावन की रासलीला, श्री राधा छठी महोत्सव की तैयारियां शुरू
श्री राधे राधे सेवा परिवार का 16वां वार्षिक उत्सव 4 अक्टूबर तक चलेगा; हर दूसरे रविवार को होगा श्री राधा नाम संकीर्तन
हापुड़। श्री राधे राधे सेवा परिवार (पंजी०) के तत्वावधान में इस वर्ष श्री राधा छठी महोत्सव पर दिव्य रासलीला का भव्य आयोजन किया जाएगा। सोमवार 15 जून को जौका कैफे, फ्री गंज रोड में हुई जनरल सभा में यह निर्णय लिया गया। कार्यक्रम 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक श्री सनातन धर्म सभा, कोठी गेट हापुड़ में चलेगा।
वृंदावन से आएगी रासलीला मंडली
उप प्रधान दिनेश सिंघल की अध्यक्षता में हुई सभा में बताया गया कि महोत्सव में वृंदावन धाम से प्रसिद्ध रासलीला मंडली को आमंत्रित किया जाएगा। 8 दिवसीय आयोजन में श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन होगा। वर्ष 2026 में परिवार का यह 16वां वार्षिक उत्सव होगा।
हर दूसरे रविवार होगा संकीर्तन
सभा में परिवार का लक्ष्य “श्री राधा नाम संकीर्तन को जन-जन तक पहुंचाना” तय किया गया। इसके तहत अब हर माह के दूसरे रविवार शाम 6 से 9 बजे तक सदस्यों के घर पर श्री राधा नाम संकीर्तन का आयोजन होगा।
आय-व्यय विवरण पास
सभा में 1 अगस्त 2023 से 30 जून 2026 तक का आय-व्यय विवरण सर्वसम्मति से पास किया गया। पिछली मीटिंग की कार्यवाही की भी पुष्टि हुई।
सदस्यों से सहयोग की अपील
उपाध्यक्ष दिनेश सिंघल ने कहा, “श्री राधा रानी की छठी महोत्सव मनाने का सौभाग्य मिला है। सभी सदस्य तन-मन-धन से सहयोग कर इसे सेवा भाव से सफल बनाएं।” महामंत्री राजीव बाटला ने बताया कि 20 सितंबर 2011 को परिवार की स्थापना हुई थी। “सभी सदस्यों के सहयोग से नगर में परिवार की अलग पहचान बनी है। 16वां उत्सव धूमधाम से मनाकर राधा रानी का आशीर्वाद लेंगे।”
सभा का संचालन कोषाध्यक्ष नवीन कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान वाइस चेयरमैन तरुण बाटला, भूषण गोयल, रवि गर्ग, अनिल टोपी, दिनेश गर्ग, मयंक गाबा, राहुल जिंदल, डॉ पराग शर्मा, पुनीत अरोड़ा समेत करीब 45 सदस्य मौजूद रहे।











