शरारती तत्वों ने खंडित की डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों में रोष, ग्रामीणों को कार्रवाई का दिया आश्वासन

शरारती तत्वों ने खंडित की डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों में रोष, ग्रामीणों को कार्रवाई का दिया आश्वासन
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव घुंघराला में शुक्रवार देर रात शरारती तत्वों ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
सोते गांव में दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात जब पूरा गांव गहरी नींद में था, तभी कुछ शरारती तत्व गांव में स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। आरोपियों ने प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ कर उसे खंडित कर दिया और मौके से फरार हो गए।
शनिवार सुबह जब ग्रामीण जागे और प्रतिमा स्थल पर पहुंचे तो खंडित प्रतिमा देखकर आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हाफिजपुर पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और शांति बनाए रखने की अपील की।
सीओ अनिता चौहान ने कहा कि मामले में जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी और जल्द ही नई प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।”
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।











