स्नान कर रही विधवा महिला का अश्लील वीडियो बनाया, विरोध करने पर भाइयों संग मिलकर पीटा

स्नान कर रही विधवा महिला का अश्लील वीडियो बनाया, विरोध करने पर भाइयों संग मिलकर पीटा
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पड़ोसी युवक ने घर में स्नान कर रही विधवा महिला का अश्लील वीडियो बना लिया। जब पीड़ित महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। पति की मौत के बाद से ही पड़ोस में रहने वाला एक युवक उस पर लगातार बुरी नजर रख रहा था और उसे परेशान करने की फिराक में रहता था।
छत पर चढ़कर बनाई वीडियो
महिला ने बताया कि दो दिन पूर्व वह अपने घर के भीतर स्नान कर रही थी। इसी दौरान आरोपी चुपके से अपने घर की छत पर चढ़ गया और मोबाइल फोन से महिला का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने लगा। महिला की नजर जैसे ही वीडियो बना रहे युवक पर पड़ी, उसने शोर मचाते हुए इसका कड़ा विरोध किया।
विरोध करने पर पीड़िता से मारपीट
खुद को घिरता देख और भेद खुलने के डर से आरोपी ने अपने तीन भाइयों को बुला लिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर पीड़ित महिला के घर में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज की और उसे लाठी-डंडों व लात-घूसों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी और उसके भाइयों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।











