हापुड़ में फायर सुरक्षा की गंभीर लापरवाही,कमल डोसा सहित अन्य पर नहीं मिलें फायर एनओसी, रेस्टोरेंट और होटल संचालकों पर कार्रवाई की चेतावनी

हापुड़ में फायर सुरक्षा की गंभीर लापरवाही,कमल डोसा सहित अन्य पर नहीं मिलें फायर यंत्र,
रेस्टोरेंट और होटल संचालकों पर कार्रवाई की चेतावनी
हापुड़ । दिल्ली में हाल ही में आग लगने की भीषण घटनाओं में 21 लोगों की मौत के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह से सतर्क नहीं दिख रहे हैं। इस बीच हापुड़ में दमकल विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। अधिकारियों ने पाया कि कई होटल और रेस्टोरेंट में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। कुछ स्थानों पर अग्निशमन यंत्र (फायर सिलेंडर) तक उपलब्ध नहीं थे। आरके प्लाजा में भी आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी गेट) बंद पाए गए, जबकि उनके सामने सामान रखा गया था, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
कमल डोसा रेस्टोरेंट पर भी अधिकारी पहुंचे और वहां गंभीर लापरवाही पाई गई। रेस्टोरेंट बिना फायर एनओसी (NOC) के ही चल रहा था। अधिकारियों ने कहा कि रेस्टोरेंट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, और यह लोगों की सेहत और जान के साथ खिलवाड़ है।
दमकल विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वाले होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना आम लोगों की जिंदगी के साथ सीधे खिलवाड़ करने के समान है।
जांच अभियान जारी रहेगा और प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि सभी प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन कराया जाएगा। अधिकारी यह भी जोड़ते हैं कि दिल्ली जैसी बड़ी शहर में हुई भीषण आग की घटनाओं के बावजूद स्थानीय विभाग में जागरूकता और तत्परता अभी तक पर्याप्त नहीं है।











