कमला अग्रवाल पब्लिक स्कूल में लायन्स क्लब ने लगाया नि:शुल्क नेत्र शिविर

हापुड़ ।कमला अग्रवाल पब्लिक स्कूल के परिसर में लायंस क्लब हापुड़ के तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा 1 से 6 तक के विद्यार्थियों के नेत्रों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई।वर्तमान समय में बच्चों द्वारा मोबाइल,टीवी एवं अन्य डिजिटल स्क्रीन का अत्यधिक उपयोग किए जाने के कारण आंखों से संबंधित समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के बेहतर नेत्र स्वास्थ्य एवं जागरूकता के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।शिविर के दौरान बच्चों की आंखों की गहन जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की गई तथा उन्हें आंखों की देखभाल एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित ग़ाज़ियाबाद के चिकित्सक डॉ. धीरज गायचंद ने बच्चों को नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी और अभिभावकों को भी बच्चों की आंखों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा शर्मा ने कहा कि आज के समय में बच्चों का बढ़ता स्क्रीन टाइम उनकी आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।ऐसे स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा समय रहते समस्याओं की पहचान करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।समाज सेवा के क्षेत्र में लायंस क्लब का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।विद्यालय परिवार ने शिविर के आयोजन में सहयोग देने के लिए लायंस क्लब का आभार व्यक्त किया।शिविर के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं क्लब सदस्यों लॉयन सचिन सिंघल( एस एम) जी, लॉयन विजय कुमार अग्रवाल जी , लॉयन आनंद प्रकाश आर्य जी, लॉयन अनुज जैन जी, लॉयन अशोक चौकरायत जी का विशेष सहयोग रहा। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के हित में एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक कदम बताया।











