तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, दो युवकों की मौत,दो घायल

तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, दो युवकों की मौत,दो घायल
हापुड़ (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे कार सवार दो युवकों की दबने से मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा शवों को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार जैसे ही बहादुरगढ़ क्षेत्र स्थित डहेरा कुटी वैट रोड़ अंबेडकर भवन ग्राम डहेरा रामपुर के सामने मोड़ पर पहुंची,तो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे चीख पुकार मच गई। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव मौके पर पहुंचे और घायलों को अपनी सरकारी ओर प्राइवेट गाड़ी के माध्यम से गढ़मुक्तेश्वर सीएचसी पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घायलों को मेरठ रेफर किया गया है जहां उपचार चल रहा है।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी, जिस कारण कार सवार मेरठ निवासी
विशांत त्यागी व बहादुरगढ़ के
ग्राम अलीपुर निवासी मिथुन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य स्याना निवासी ललित व रवि गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में मेरठ रैफर किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है।











