अवैध रूप से खनन करते हुए खनन विभाग टीम ने डंपर, छह ट्रैक्टर-ट्राली सहित 14 वाहन किए जब्त

हापुड़।
जिले में लगातार हो रहे अवैध खनन की शिकायतों पर खनन विभाग ने अभियान चलाकर अवैध रूप से खनन करते हुए डंपर, छह ट्रैक्टर-ट्राली सहित 14 वाहन जब्त किए हैं।
जिला खनन अधिकारी प्रशांत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने एक सप्ताह में अवैध खनन में संलिप्त 14 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशांत सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सात डंपर, छह ट्रैक्टर-ट्राली और एक बुलडोजर बिना वैध प्रपत्रों के खनिज का परिवहन करते पाए गए। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों में खड़ा कर दिया।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व का नुकसान और पर्यावरण को गंभीर क्षति होती है। इसी कारण शासन के निर्देश पर निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। बिना अनुमति खनन. या ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।











