फैक्ट्री शिफ्टिंग के दौरान चोरों ने नये ट्रांसफार्मर से किया 5.50 लाख का सामान चोरी, एफआईआर दर्ज

हापुड़:
थाना पिलखुवा क्षेत्र में चोरों ने एक फैक्ट्री शिफ्टिंग के दौरान दीवार फांदकर नये ट्रांसफार्मर से 5.50 लाख रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी व्यापारी सुभाष मित्तल की हापुड़ में पाइप बनाने की फैक्ट्री है। विगत् सप्ताह व्यापारी अपनी फैक्ट्री को पिलखुवा के रिलायंस रोड पर शिफ्ट कर रहे थे। व्यापारी की कंस्ट्रक्शन फैक्ट्री में हाल ही में 250 केवीए का एक नया ट्रांसफार्मर मंगाकर रखा गया था।
शनिवार देर रात चोर दीवार फांदकर फैक्ट्री के अंदर घुसे। उन्होंने ट्रांसफार्मर को जमीन पर गिराया और उसके अंदर मौजूद कीमती उपकरण व सामग्री चुराकर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब व्यापारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने ट्रांसफार्मर को गिरा हुआ पाया। उसका तेल फैला हुआ था और अंदर का पूरा सामान गायब था। इस चोरी से व्यापारी को लगभग 5.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिससे व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











