सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार से की 1.50 लाख रुपए की ठगी

हापुड़।
सिंभावली क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी युवक पर सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब डेढ़ लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गाजियाबाद निवासी अकरम ने बताया कि उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में सिंभावली क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुई थी। युवक ने उसे सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।भरोसे में लेकर उससे करीब 1.5 लाख रुपये ले लिए गए। अकरम का आरोप है कि युवक ने उसे फर्जी वीजा और एक कंपनी का नियुक्ति पत्र दिखाया और दिसंबर 2025 में सऊदी भेज दिया। लेकिन वहां पहुंचने पर संबंधित कंपनी में जब उसने जानकारी की तो पता चला कि उसके नाम से कोई नियुक्ति पत्र जारी ही नहीं हुआ है। इसके बाद कई महीनों तक परेशानी झेलने के बाद वह 3 अप्रैल 12026 को भारत वापस लौटा।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।











