एक ही रात में चोरों ने आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़ लाखों रुपए की चोरी , सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद

हापुड़।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में चोरों ने देर रात एक ही रात में अलग अलग छह दुकानों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपये के चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बछलौता मार्ग स्थित गांव उपैड़ा में मोहम्मद इलियास की हार्डवेयर की दुकान का ताला तोड़कर चोर गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए। इसके अलावा बछलौता निवासी कुलदीप की फर्नीचर की दुकान का ताला भी तोड़ दिया गया। छपकौली गांव निवासी अमित कुमार की लकड़ी की दुकान से करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। इसी तरह हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित लाला हनी की लकड़ी की दुकान में चोरों ने इनवर्टर, बैटरी, एक पंखा और लगभग एक हजार रुपये के सिक्के चोरी किए। छपकौली में ही इलियास की कपड़ों की दुकान का ताला तोड़ दिया गया।
बाबूगढ़ निवासी मुकेश शर्मा की परचून की दुकान से चोर करीब 2,500 रुपये का सामान चोरी कर ले गए। जिला लखीमपुर खीरी के गांव दानापुर निवासी सुरेश चंद्र शर्मा की कपड़ों और जूतों की दुकान से चोर करीब 25,000 रुपये के कपड़े और जूते चोरी कर ले गए।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।











