छात्रा को बंधक बनाकर रेप का आरोपी गिरफ्तार

छात्रा को बंधक बनाकर रेप का आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित एक गांव निवासी नाबालिग को पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने कमरे में चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने नाबालिग के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गांव निवासी व्यक्ति ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 24 मार्च को वह अपने निजी काम से सरधना गए हुए थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे पत्नी का उनपर फोन आया कि उनकी पुत्री दो घंटे से लापता है। इसके बाद उनका भतीजा डायल 112 पर पुलिस को सूचना देकर उनकी पुत्री को देखने के लिए पड़ोसी शोएब के घर पहुंच गया। यहां पहुंचने पर उनकी पुत्री को आरोपी ने कमरे में बंद कर रखा था। पुत्री ने पूछने पर बताया कि आरोपी सोएब उसे जबरदस्ती अपने घर ले गया और कमरे में चार घंटे बंधक बनाकर रखा। इसके बाद आरोपी ने मुंह हाथ से दबाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि नाबालिग के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सोएब को गांव सरावा से उलधन जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया गया है।











