हापुड़ में पकड़ा फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज

हापुड़/ मेरठ ।
एटीएस ने हापुड़ व मेरठ में संचालित किए जा रहे तीन फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज पकड़े हैं। आरोपी विदेशी सिम बॉक्स और पहले से एक्टिवेट सिम की मदद से विदेश से आने वाली कॉल को वीओआईपी के माध्यम से लोकल कॉल में बदल देते थे। नेटवर्क में देश विरोधी गतिविधियों का कनेक्शन भी सामने आया है।
एटीएस की मेरठ यूनिट को इनपुट मिला था कि मेरठ और हापुड़ में फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाए जा रहे हैं। मेरठ के लिसाड़ी गेट में समर गार्डन इलाके का सद्दाम इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया गया। सूचना के आधार पर गुरुवार को एटीएस ने लिसाड़ी गेट और हापुड़ में आठ जगहों पर दबिश दी। इस दौरान तीन फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज पकड़े गए। छापेमारी में 300 मोबाइल सिम और चार सिम बॉक्स बरामद किए गए। सभी
मोबाइल सिम पहले से एक्टिवेट थे और किन्हीं अन्य लोगों की आईडी पर लिए गए थे। खुलासा हुआ कि गिरोह के लिए फर्जी आईडी पर मोबाइल सिम उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी मेरठ के फरदीन की थी। इसके बाद फरदीन को लिसाड़ी गेट से उठाया गया, जहा इसकी मोबाइल और सिम की दुकान है। आरोपी विदेशी कॉल को वीओआईपी यानी वॉयस ऑवर इंटरनेट प्रोटोकॉल के माध्यम से स्थानीय कॉल में बदलकर ट्रांसफर
करते थे। इसके बाद अन्य लोगों को भी पकड़ा गया, जबकि 15 से ज्यादा आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरोह का सरगना सद्दाम एटीएस की कस्टडी में है जिससे पूछताछ की जा रही है।











