भट्ठा संचालक पर लाखों रुपए की ठगी का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कनिया कल्याणपुर निवासी व्यक्ति ने ईंट-भट्ठा संचालक पर ईंट सप्लाई के नाम पर 2.10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव कनिया कल्याणपुर के सत्यवीर ने बताया कि वर्ष 2024 में वह अपने मकान का निर्माण करा रहा था। मकान के लिए ईंट खरीदने के उद्देश्य से उसने गांव गोहरा आलमगीरपुर के ईंट-भट्ठा मालिक शिवकुमार से संपर्क किया।
ईंट सप्लाई के लिए उसने 2.50 लाख रुपये दिए थे। इस भुगतान की रसीदें भी उसके पास मौजूद हैं। आरोप है कि रकम
लेने के बाद भी आरोपी ने ईंट की सप्लाई नहीं की। जब उसने बार-बार ईंट या रुपये वापस करने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करता रहा।
काफी दबाव बनाने पर एक फरवरी 2025 को आरोपी ने अपने एक परिचित के माध्यम से आनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिये 40 हजार रुपये वापस कर दिए। शेष 2.10 लाख रुपये एक सप्ताह के भीतर लौटाने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि इसके बाद भी कई बार तकादा करने पर बाकी रकम नहीं लौटाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि शिवकुमार के खिलाफ थाना बाबूगढ़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।











