घर में सो रही मासूम पर कुत्तों ने किया हमला, चेहरे को नोंचा

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के मजीदपुरा में घर के आंगन में खाट पर सोती दो साल की मासूम पर आवारा कुत्ता झपट पड़ा। बच्ची को खाट से नीचे गिराकर उसके चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर हालत में बच्ची को हापुड़ सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। नवादा कला में भी दो साल की बच्चे को कुत्ते ने काट लिया।
मजीदपुरा निवासी सोनू की दो वर्षीय बेटी इकरा सोमवार की सुबह अपने घर के आंगन में खाट पर सो
रही थी। परिजन अंदर थे, इसी बीच मोहल्ले में घूमता आवारा कुत्ता घर में घुस गया। उसने इकरा को खाट से खींच लिया और नीचे गिराकर बच्ची के चेहरे को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
बच्ची के माथे की हड्डी तक दिखने लगी। गंभीर हालत में परिजन बच्ची को हापुड़ सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। रेबीज इंजेक्शन लगाकर मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। वहीं, नवादा कला गांव में दो वर्षीय नित्यम के हाथ को भी कुत्ते ने बुरी तरह जख्मी कर दिया। परिजन बच्चे को रेबीज लगवाने अस्पताल आए।












