प्रगति-2026 में चमका हापुड़ का छात्र, कम्पोजिट विद्यालय ढाना के कार्तिक को राज्य स्तरीय प्रमाण पत्र
हापुड़।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम “प्रगति-2026: आत्मसम्मान से समानता तक” एवं बाल उत्सव का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी तथा यूनिसेफ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद हापुड़ के कम्पोजिट विद्यालय ढाना के कक्षा 8 के छात्र कार्तिक सिंह ने प्रतिभाग कर जिले का गौरव बढ़ाया। कार्तिक ने पहले ब्लॉक स्तर, फिर जनपद स्तर और उसके बाद मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय मंच तक अपनी जगह बनाई। कार्यक्रम में उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अक्टूबर 2025 में आयोजित ‘इंस्पायर अवार्ड’ की राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में भी कार्तिक सिंह ने अपने नवाचार मॉडल के माध्यम से जनपद हापुड़ का नाम रोशन किया था। इस प्रकार कम समय में यह उनकी लगातार दूसरी राज्य स्तरीय उपलब्धि है।
कार्तिक की इन उपलब्धियों के पीछे उनकी गाइड टीचर श्रीमती रूमी बादल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इंस्पायर अवार्ड की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी से लेकर “प्रगति-2026” के इस मंच तक श्रीमती रूमी बादल निरंतर कार्तिक का मार्गदर्शन करती रहीं और उन्हें हर स्तर पर प्रेरित करती रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्र कार्तिक सिंह के साथ-साथ उनकी मार्गदर्शिका शिक्षिका श्रीमती रूमी बादल को भी राज्य स्तरीय प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्तिक की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग एवं स्थानीय लोगों ने छात्र और उनकी मार्गदर्शिका श्रीमती रूमी बादल को दूसरी बार राज्य पर जिले का नाम रोशन करने के लिये हार्दिक बधाई दी है।












