25 लाख रुपए की धोखाधड़ी में फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क

हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने 25 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई दवा और सिरिंज फैक्ट्री में साझेदारी का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में की गई।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी अभिलाष तोमर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव सालारपुर निवासी विनीत चौहान और उसके भाई सुमित चौहान ने आशा, मनवीर (बहादुरगढ़ निवासी) और अंकुश (फौदापुर, अमरोहा निवासी) के साथ मिलकर उन्हें डहरा कुटी पर दवा और सिरिंज फैक्ट्री में साझीदार बनाने का लालच दिया।
सीओ ने बताया कि आरोपियों ने इस प्रोजेक्ट की लागत करीब दो करोड़ रुपए बताई थी। अभिलाष तोमर उनके झांसे में आ गए और उन्होंने 25 लाख रुपए से अधिक की रकम आरोपियों को दे दी। हालांकि, इसके बाद आरोपियों ने फैक्ट्री शुरू नहीं की और पैसे मांगने पर उन्हें धमकी भी दी।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की गई। उच्चाधिकारियों और न्यायालय के निर्देश पर विनीत और सुमित की गांव सालारपुर स्थित संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई है।












