गढ़मुक्तेश्वर में गौ-हत्या प्रतिबंध की मांग को लेकर विशाल रैली, सौंपा ज्ञापन

हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार को एक विशाल जनसमूह सड़कों पर उतर आया। ब्रजघाट से शुरू हुई ‘गौ रक्षा रैली’ में हजारों लोगों ने भाग लिया और पैदल मार्च करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
गौ दर्शन धाम ब्रजघाट के तत्वावधान में आयोजित इस रैली का नेतृत्व जगदगुरु श्री संतोषी बाबा ने किया। रैली के दौरान “भारत में गौ-हत्या बंद करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। संतों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी इस अभियान का समर्थन किया।
इस मौके पर कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे। इनमें विधायक हरेंद्र तेवतिया, पूर्व विधायक डॉ. कमल मलिक, जिला महामंत्री पिंकी त्यागी, नगर अध्यक्ष दीपक गौड़, टिंकू शुक्ला और राहुल शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गौ-भक्त भी रैली का हिस्सा बने।
रैली के समापन पर सभी प्रदर्शनकारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीएम श्रीराम यादव को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में देशभर में गौ-हत्या पर सख्त कानून बनाकर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ-वंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
कार्यक्रम की संवेदनशीलता और भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ रैली के दौरान मुस्तैद रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के चलते पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।











