सांसद अरुण गोविल ने गृहमंत्री से की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट पीठ स्थापना की मांग

हापुड़।
मेरठ–हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के सामने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की एक पीठ मेरठ में स्थापित किए जाने की मांग को मजबूती से रखा।
सांसद अरुण गोविल ने गृहमंत्री को पत्र देकर अनुरोध किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को उनसे व्यक्तिगत रूप से भेंट करने का अवसर प्रदान किया जाए। जिससे वे अपनी समस्याओं एवं हाईकोर्ट पीठ की आवश्यकता को प्रत्यक्ष रूप से उनके समक्ष रख सकें।
सांसद ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लगभग छह करोड़ से अधिक आबादी को वर्तमान में न्याय प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी तय कर इलाहाबाद जाना पड़ता है। इससे आम जनता को समय, धन और संसाधनों की भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस मांग को लेकर अधिवक्ता 1981 से निरंतर आंदोलनरत हैं। यहां पीठ की स्थापना से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि आसपास के जिलों के लाखों लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय मिल सकेगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने सांसद अरुण गोविल द्वारा रखे गए तथ्यों और तर्कों को गंभीरता से सुना और विषय पर उचित विचार करने का आश्वासन दिया। सांसद अरुण गोविल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार शीघ्र ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता और अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही इस न्यायसंगत मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।












