सम्मेलन में जाने के लिए भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसपी कोच पर किया कब्जा, जमकर हुआ हंगामा

सम्मेलन में जाने के लिए भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसपी कोच पर किया कब्जा, जमकर हुआ हंगामा
हापुड़। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर देर रात सम्मेलन में भाग लेने के लिए जाते समय भाकियू कार्यकर्ताओं ने संगम एक्सप्रेस के एक एसी कोच पर कब्जा कर लिया। यात्रियों के विरोध और शिकायत के बाद हापुड़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और पुलिस ने हस्तक्षेप किया। कार्यकर्ताओं को एसी कोच से उतारकर स्लीपर कोच में स्थानांतरित किया गया।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज में किसान यूनियन के सम्मेलन में भाग लेने के लिए किसान संगठन के कुछ सदस्य मेरठ से ट्रेन के एसी कोच में चढ़ गए। उन्होंने आरक्षित सीटों पर बैठे यात्रियों को हटाकर कब्जा कर लिया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एसी कोच में चढ़ने के बाद इन सदस्यों ने बीड़ी पीना और शराब पीना शुरू कर दिया, जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी हुई। कोच में मौजूद यात्रियों ने तुरंत रेलवे अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इस दौरान किसान नेताओं और यात्रियों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में आरपीएफ और पुलिस के साथ भी उनकी कहासुनी हुई। जैसे ही ट्रेन हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची, आरपीएफ और कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप किया और किसान यूनियन के सदस्यों को एसी कोच से उतरने के लिए समझाया।
आरपीएफ एसएचओ राकेश यादव ने बताया कि स्थिति समझाने के बाद सभी किसान संगठन के सदस्यों को स्लीपर कोच में स्थानांतरित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद ट्रेन निर्धारित समय पर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई, जिससे रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।












