संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव पंखे से लटका मिला, मायकेवालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

हापुड़।
थाना धौलाना क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला। मायकेवालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार धौलाना के गांव बझेड़ा कलां निवासी इमराना (25) का निकाह बुलंदशहर जिले के जाकिर के साथ हुआ था। वह कई वर्षों से पिपलेहड़ा में परिवार के साथ रह रहा था। मंगलवार को जाकिर के छोटे भाई की साली की शादी पिलखुवा के गांव सिखेड़ा में हो रही थी। इसी शादी में जाने को लेकर इमराना व उसके पति में कहासुनी हो गई। इसके बाद इमराना ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। कमरे में झांक कर देखा तो वह फंदे से झूल रही थी। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता तैमूर अली ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए पति इमरान, उसके भाई और अन्य परिजन लगातार प्रताड़ित करते थे। उन्होंने इसे दहेज हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।












