सपा के झंडे लगी फौजी के रोड शो निकालने पर पुलिस ने किया गाड़ी का 28 हजार का चालान

हापुड़।
गांव बहादुरगढ़ क्षेत्र में नौकरी लगने पर गांव आए फौजी के स्वागत के लिए सपा के झंडे लगी गाड़ी में रोड़ शो निकालने पर ट्रैफिक पुलिस ने 28 हजार रुपए का चालान काट दिया।
जानकारी के अनुसार बहादुरगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में समाजवादी पार्टी का झंडा लगी एक कार पर कुछ लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दिए। कार पर तिरंगा भी लगा हुआ था और उसकी छत पर सैनिक की वर्दी पहने एक युवक बैठा था। कुछ लोग कार के दोनों तरफ लटके हुए भी नजर आए।
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह युवक क्षेत्र के गांव बहादुरगढ़ का निवासी है, जिसकी करीब छह माह पहले एयरफोर्स में नौकरी लगी थी। वह छह माह बाद छुट्टी पर अपने घर आया था। उसके आने पर ग्रामीणों ने जश्न मनाते हुए उसे कार की छत पर बैठाया था। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए कार का चालान भी किया। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित कार का चालान कर दिया गया है।












