खाद्य विभाग ने मिलावटी सॉस फैक्ट्री पर की छापेमारी, ड्रमों में संदिग्ध तरल पदार्थ, रंग, एसिड बरामद

हापुड़।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में खाद्य विभाग ने एक मौहल्ले में छापेमारी कर मिलावटी सॉस फैक्ट्री पकड़ी, जहां ड्रमों में संदिग्ध तरल पदार्थ, रंग, एसिड बरामद किया।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के पन्नापुरी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को एक मिलावटी टमाटर सॉस बनाने की फैक्ट्री की सूचना मिली थी।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि पन्नापुरी स्थित एक फैक्ट्री में मिलावटी टमाटर सॉस बनाकर बाजार में बेचा जा रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने बुधवार को फैक्ट्री पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम को फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में ड्रमों में भरा संदिग्ध तरल पदार्थ मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इन ड्रमों में रंग और एसिड जैसे रसायन हो सकते हैं। मौके से तैयार सॉस, कच्चा माल और सॉस बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
विभागीय टीम ने सभी संदिग्ध पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।











