वैश्य समाज का दीपावली उत्सव: महाराज अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर नहीं चलेंगे, तो आने वाला भविष्य खराब होगा – विनीत शारदा

हापुड़।
भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि वैश्य समाज के लोगों को ‘हम दो हमारे दो’ के सिद्धांत को भूल जाना होगा। उन्हें नया सिद्धांत को अपनाना होगा, ‘हम दो हमारे पांच।’ तर्क देते हुए कहा कि एक बच्चे को राजनीतिक ज्ञान, दूसरे को आइएएस, आइपीएस, चिकित्सक या इंजीनियर बनाएं। तीसरे बच्चे को समाज की बहन-बेटियों की रक्षा के लिए लोहा खरीदने व चलाना सिखाने की शिक्षा देनी होगी।
विनीत अग्रवाल गढ़ रोड स्थित वुड इंडिया प्रतिष्ठान में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौथे बच्चे को देश की सेना में भेजें। पांचवें बच्चे को परिवार चलाने के लिए व्यापारी बनाएं। इससे ही आने वाली
पीढ़ी को मजबूत किया जा सकता है। वैश्य समाज के लोगों को अपने बच्चों को विदेश न भेजकर देश में रहकर सेवा करने की शिक्षा देनी होगी।
उन्होंने कहा कि यदि हम महाराज अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर नहीं चलेंगे तो आने वाला भविष्य खराब होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब देश में जनगणना हो तो एप पर जाति में वैश्य समाज जरूर लिखें। हमारी एकता ही हमारी ताकत है, इसको ध्यान रखना चाहिए। आज देश को जरूरत है कि हिंदू समाज कम से कम पांच बच्चे जरूर पैदा करें। उन्होंने जीएसटी कम होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उठाए कदमों को भी जमकर सराहना की।
इस मौके पर उघमी नरेंद्र अग्रवाल, चक्रवर्ती गर्ग, अशोक गुप्ता, विनोद गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सुधीर अग्रवाल, वीरेंद्र सर्राफ, डा. विपिन गुप्ता, योगेंद्र मोनू, , दिनेश माहेश्वरी, विमेश गोयल, स्वाति गर्ग आदि मौजूद थे।












