एसपी ने गंगा मेले का किया निरीक्षण, मेले में 25 से 30 लाख श्रद्घालुओं के आने का अनुमान

हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में लग रहे कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला 2025 को तैयारियां से समय से पूर्ण कराने के लिए युद्घ स्तर पर तैयारी कराई जा रही है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गंगा मेले के प्रवेश व निकास मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। गंगा मेले में सुरक्षा के मद्देनजर तीन हजार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ड्रोन कैमरे से भी गंगा मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले का आयोजन प्रतिवर्ष जिला पंचायत द्वारा किया जाता है। जिसकी तैयारी जिला प्रशासन द्वारा एक माह पूर्व से शुरू कर दी गई है। मेले में गंगा स्नान करने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा राजस्थान,पंजाब,हरियाणा व दिल्ली से करीब 20 से 25 लाख श्रद्घालु आते है। मेले में आने वाले श्रद्घालुओं को किसी परेशानी का सामना नहीं करने पड़े,इसका जिला पंचायत द्वारा ध्यान रखा जाता है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानेजय सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गंगा मेले के प्रवेश व निकास मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बताया गया कि गंगा मेले में अपर पुलिस अधीक्षक 2,सीओ 17,निरीक्षक 30,उप निरीक्षक 340,मुख्य आरक्षी 345,आरक्षी 1550,सशस्त्र पुलिस उपनिरीक्षक 14,मुख्य आरक्षी 60,महिला पुलिस उपनिरीक्षक 14,महिला मुख्य आरक्षी 125,यातायात निरीक्षक 13,मुख्य आरक्षी 122,एलआईयू निरीक्षक 11,मुख्य आरक्षी 11,आरक्षी 45,घुड़सवार पुलिस मय घोड़े 6,रेडियो संचार विभाग निरीक्षक 14,फायर सर्विस सीएफओ 1,एफएसओ 4,लीडिग़ फायर मैन 20,फ्लड पीएसी 2 प्लाटून,पीएसी एसडीआरएफ 1 कंपनी,एनडीआएफ टीम 6,स्टैटिक मोबाइल 70,हैण्ड हैल्ड सैट 300,ड्रोन कैमरा 6,दूरबीन 40 व डॉग स्कवायड 5 तैनात रहेंगे।
एसपी ने बताया कि गंगा मेले में श्रद्घालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मेला स्थल,प्रवेश व निकास द्वारा के साथ विभिन्न स्थानों पर 200 सीसीटीवी कैमरे से मेले की निगरानी की जायेगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी गंगा मेले की निगरानी की जा रही है।












