आनंदा डेयरी के अधिकारी से ए कुख्यात नीरज गैंग के सदस्यों ने मांगी 25 लाख रुपये की रंगदारी

हापुड़ ।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के एक गांव स्थित आनंदा डेयरी के अधिकारी से कुख्यात नीरज गैंग के सदस्यों ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा के गांव खैरपुर खैराबाद स्थित आनंदा डेयरी के सिक्योरिटी एडमिन सुशांत पांडेय ने बताया कि उन्हें भेजे एक पत्र में कहा गया कि अगर परिवार को सुरक्षित रखना है तो 25 लाख रुपये मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित दिए गए पते पर पहुंचा दें। रकम न पहुंचाने पर पीड़ित और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा और लाश तक गायब कर दी जाएगी। इस पत्र में डेयरी चेयरमैन को भी धमकाने का जिक्र था।
पीड़ित ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 की सुबह सुशांत पांडेय दहपा शिव मंदिर जा रहे थे। जब वे फगौता रोड से दहपा की ओर पहुंचे तो दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर उनके सामने आ गए। आरोप है कि युवकों ने उनके कान पर तमंचा रखकर कहा कि वे नीरज गैंग के सदस्य हैं। रंगदारी की रकम न देने पर उन्हें मार डालेंगे।
न्यायालय के आदेश पर पिलखुवा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।











