नेशनल हाईवे- 9 पर तेज रफ्तार वाहन ने मारी बाइक सवार को टक्कर, बाइक सवार की मौत

हापुड़।
पिलखुवा के गालंद कट पर सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के अंबेडकर रोड पर कन्फेक्शनरी का काम करने वाले 56 वर्षीय शंभू शर्मा किसी कार्य से गालंद की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह गालंद कट के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्वजन में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की तलाश की जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।











