निर्माणाधीन जिला कारागार में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार,भेजा जेल

निर्माणाधीन जिला कारागार में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
हापुड़ । थाना हाफिजपुर पुलिस ने निर्माणाधीन जिला कारागार में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार बरेली के प्रेमनगर निवासी संदीप झावर ने बताया कि उनकी फर्म ने मैसर्स आरपीपी इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी से सबलेट लेकर जनपद में जिला कारागार के निर्माण का ठेका लिया हुआ है।
संदीप झावर ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के दौरान उन्हें निर्माण स्थल पर अनियमितताओं का पता चला। इसके बाद उन्होंने अपने पार्टनर पंकज गोयल के साथ 3 नवंबर को साइट का निरीक्षण किया। जांच में यह सामने आया कि रेत, बजरी और गिट्टी से भरी गाड़ियों की वास्तविक संख्या कम थी, जबकि दस्तावेजों में फर्जी एंट्री और फर्जी कांटा पर्ची लगाकर अधिक मात्रा में सामग्री दर्शाई जा रही थी।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी बाबूगढ़ छावनी निवासी लोकेन्द्र सिंह , बुलन्दशहर निवासी राम सिंह और हाफिजपुर निवासी अमर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।












