सगी बहनों को पतियों ने तीन तलाक देकर घर से निकाला

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी ना होने पर सुसरालियों ने दो सगी बहनों को मारपीट कर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि ससुर ने एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या का प्रयास भी किया। मामले में एसपी के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है।
एक विवाहिता ने शिकायत में बताया कि 18 मई 2020 को उसका निकाह मोहल्ला रफीक नगर के इमरान से हुआ था। उसकी छोटी बहन का निकाह भी उसी दिन इमरान के भाई गुलफाम उर्फ भूरा से हुआ। निकाह के समय मायके पक्ष ने 20 लाख रुपये, जेवरात, कीमती कपड़े और घरेलू सामान दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। कुछ समय बाद उन्होंने अतिरिक्त दहेज में
10 लाख रुपये और एक स्विफ्ट कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पति इमरान, ससुर इशाक, सास नगीना, देवर सुल्तान, ननद रुखसार, मुस्कान और नंदोई हुसैन ने पीड़िता और उसकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है सात मई 2025 को ससुर ने विवाहिता के साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपितों ने उसे लात-घूसों से मारा और दुपट्टे से गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। इस घटना के बाद दोनों बहनों को घर से बाहर निकाल दिया गया। दोनों ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में नामजद और अज्ञात आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है












