नहर में डूबे ड्राइवर का शव बरामद, पुलिस जाँच में जुटी

हापुड़।
थाना सिम्भावली क्षेत्र में मंगलवार को मध्य गंग नहर में डूबे ड्राइवर के शव को गोताखोरों ने बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सिम्भावली क्षेत्र के गांव रझैटी निवासी शोएब (25 ) ड्राइविंग कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार देर शाम उसकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी थी कि शोएब हरौडा गांव के सामने नहर किनारे स्थित पीर के पास मध्य गंग नहर में डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। गोताखोरों की मदद से देर रात तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
बुधवार सुबह मांकड़ी की झाल से आगे काचरोट के पास नहर किनारे राहगीरों को एक शव उलझा दिखाई दिया । सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच शव बरामद किया और शव की शिनाख्त शोएब के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है।











