मकान से अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पांच लाख रुपए का 200 किलो विस्फोटक बरामद, एक गिरफ्तार

हापुड़ ।
थाना बाबूगढ़ पुलिस ने कुचेसर चौपला के फतेहपुर इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे और कच्चा माल बरामद किया, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपए आंकी जा रही है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर चौपला क्षेत्र में एक मकान के भीतर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण की सूचना पर प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मकान के अंदर बड़ी मात्रा में पटाखे, विस्फोटक सामग्री और उनके निर्माण में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह अवैध फैक्ट्री घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित की जा रही थी, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। कोतवाली प्रभारी
मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण कानूनन अपराध है और जन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।












