पड़ोसी ने घर में घुसकर नाबालिग से की छेड़छाड़, घटना से क्षुब्ध नाबालिग ने फांसी लगाकर किया सोसाइड का प्रयास, अस्पताल में मौत

पड़ोसी ने घर में घुसकर नाबालिग से की छेड़छाड़, घटना से क्षुब्ध नाबालिग ने फांसी लगाकर किया सोसाइड का प्रयास, अस्पताल में मौत
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने तीन अक्तूबर की सुबह छेड़छाड़ की थी। पुलिस ने सात अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उधर, छेड़छाड़ की घटना से परेशान किशोरी ने पंखे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों ने किशोरी को. मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां किशोरी की मौत हो गई।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा निवासी महिला ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके पड़ोस में रहने वाला इंद्रपाल उनके घर दूध लेने आता है। तीन अक्तूबर की सुबह वह अपने बड़ी पुत्री के साथ पशुओं का चारा लेने जंगल में गई थी। उनकी छोटी पुत्री घर पर अकेली थी। इसी बीच आरोपी इंद्रपाल पुत्री को अकेली देखकर जबरन उनके घर में घुस आया। आरोप था कि आरोपी ने उनकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। पुत्री के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया था। घर पहुंचने पर पुत्री ने बताया। उन्होंने फोन कर आरोपी से पूछताछ की। आरोपी ने गलती मानते हुए उनसे माफी मांगी।
छह अक्तूबर को आरोपी ने फोन कर किसी शिकायत करने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद वह सात अक्तूबर को पुत्री के साथ थाने
पहुंची और पुलिस से शिकायत की। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी इंद्रपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया गया कि इसके बाद छेड़छाड़ की घटना से परेशान किशोरी ने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों ने गंभीर हालत में किशोरी को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार को उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई।
थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के आरोप में आरोपी इंद्रपाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। किशोरी की मौत होने की सूचना मिली है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की गहनता से जांच की जा रही है।












