बड़े कैंपस में शिफ्ट हुआ संस्कार केन्द्र, आयोजित हुआ कार्यक्रम

हापुड़। शिक्षा भारती द्वारा संचालित दस्तोई ग्राम में चल रहे संस्कार केन्द्र को आज नए एवं बड़े कैंपस में हस्तांतरित किया गया।
इस सुअवसर पर मुकेश कुमार तोषनीवाल की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस एस वी डिग्री कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग से अवकाश प्राप्त प्रो० एम. के. सिंघल रहे । विशिष्ट अतिथि हापुड़ नगर माहेश्वरी युवा समिति के अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी रहे ।
कार्यक्रम का आरंभ अतिथियों द्वारा मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं श्रद्धेय राजकृपाल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात् बच्चों ने सरस्वती वंदना की ।
शिक्षा भारती के सह डायरेक्टर शेषादेव समल ने अतिथियों का परिचय कराया। इसके बाद मुकेश कुमार तोषनीवाल ने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आने एवं मेहनत कर पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रो एम के सिंघल ने अच्छे बच्चे बनने के लिए संस्कारवान बच्चों की विशेषताएं बताई । प्रशांत माहेश्वरी ने बच्चों को साफ़-सफाई की जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में बच्चों ने हिंदी एवं अंग्रेजी कविताओं को सुनाकर, साथ साथ पहाड़े सुनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के पश्चात समाज द्वारा प्राप्त गणवेश सभी शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को वितरित की गई ।
अंत में केंद्र इंचार्ज श्रीमति पूनम शर्मा द्वारा सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया गया। इस कार्यक्रम में शिल्पी, राखी एवं चिंटू त्यागी का भी योगदान रहा।












