शार्ट सर्किट से मोबाइल की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर स्वाहा

हापुड़।
थाना धौलाना क्षेत्र में
बस स्टैंड पर स्थित जॉनी मोबाइल सेंटर में देर रात शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिससे लाखों रुपए का माल जलकर स्वाहा हो गया।
जानकारी के अनुसार धौलाना बस अड्डे के निकट जॉनी मोबाइल सेंटर में देर रात शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद काफी देर में आग बुझाई जा सकी।
दुकान मालिक मोहसिन मलिक ने बताया कि उन्हें दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने और शटर खोलने पर उन्होंने देखा कि आग अंदर भड़क चुकी थी। कुछ ही मिनटों में दुकान में रखे नए और पुराने मोबाइल फोन, मोबाइल एलसीडी, काउंटर सहित लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।












