पुलिस ने मुठभेड़ में 20 हजार के इनामी गैंगस्टर लुटेरे को गोली मारकर किया घायलावस्था में गिरफ्तार

हापुड़।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र में पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार देर रात पुलिस टीम के साथ रामपुर कट पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक संदिग्ध अवस्था में आती हुई दिखाई दी।
पुलिस टीम ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बाइक सवार बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में बदमाश की पहचान गौरव निवासी ग्राम नाईपुरा, जनपद अमरोहा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र से गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
बहादुरगढ़ पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।












