सावधान: हापुड़ में बिक रहा है मिलावटी मिष्ठान,160 किलो दूषित छेना नष्ट करवाया

हापुड़।
त्यौहारों के आते ही मिलावटखोरों ने मोटी कमाई के चक्कर में मिलावटी मिष्ठान की शुरुआत कर दी है।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने सपनावत क्षेत्र में 160 किलोग्राम दूषित छेना रसगुल्ला बरामद किया। यह रसगुल्ला मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। जिसे गड्डा खोदकर दबाया गया। फिलहाल कार्रवाई जारी है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) सुनील कुमार ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके से दो नमूने एकत्र किए। पहला नमूना अफलातून, सुल्तानपुर (हापुड़) से खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहरिश सादात ने लिया, जबकि दूसरा नमूना अमरपाल ठेकेदार, सपनावत (हापुड़) से खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गुप्ता द्वारा एकत्र किया गया।
सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सपनावत में तैयार किया जा रहा यह छेना रसगुल्ला खराब दुग्ध सामग्री से निर्मित पाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उत्पाद न तो मानक गुणवत्ता का था और न ही स्वच्छता मानकों का पालन करता था। इसे अस्वच्छ स्थान पर रखा गया था, जिससे यह स्वास्थ्य के लिए हानिकर हो गया था।
सुनील कुमार ने कहा कि विभाग ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा जो उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।












