पति के दोस्त के साथ रह रही महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर में मिला, हत्या की आंशका

पति के दोस्त के साथ रह रही महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर में मिला, हत्या की आंशका
हापुड़।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक मकान में पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव बेड पर पड़ा मिला। महिला अपने पति के दोस्त के साथ अलग रह रही थी।
जानकारी के अनुसार थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव आरिफपुर मढैय्या में बुधवार गांव सलारपुर निवासी तनु पिछले करीब 25 दिनों से अपने पति को छोड़कर पति के ही एक दोस्त के साथ गांव आरिफपुर मढैय्या में रह रही थी। घटना के बाद से पति का दोस्त फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के सही कारण का पता चल सके।
सीओ बाबूगढ़ वरुण मिश्रा ने बताया कि मृतका की शादी करीब पांच वर्ष पहले मेरठ जिले के गांव घुड़म निवासी युवक से हुई थी। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह हाल के दिनों में अपने पति से अलग रह रही थी और पति के दोस्त के साथ रह रही थी। मृतका के पिता ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बाबूगढ़ पुलिस ने उन्हें बेटी की मौत की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव के गले पर निशान देखे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहरी जांच की मांग की।
सीओ वरुण मिश्रा ने कहा कि महिला के गले पर निशान पाए गए हैं, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।












