नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक से की ठगी

हापुड़।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव नान निवासी आशीष भारद्वाज ने मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी व्यक्ति पर मुंबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये हड़पने कर आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की है।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में आशीष भारद्वाज ने बताया कि उनकी तीन वर्ष पहले जिला मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी एक व्यक्ति से जान पहचान थी।
आरोपी ने 19 अप्रैल 2025 को मुंबई में नौकरी दिलाने के नाम पर उन्हें अपने झांसे में ले लिया और 50 हजार रुपये की मांग की थी। उन्होंने फोन पे से आरोपी के खाते में 50 हजार रुपये भेज दिए। समय बीत जाने के बाद उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे। आरोपी उन्हें बार-बार टरकाता रहा। इसके बाद एक माह पहले थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाया और दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। आरोपी ने 11 अक्तूबर 2025 को उन्हें रुपये देने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी आरोपी ने उनके रुपये नहीं लौटाए और दरोगा का फोन भी उठाना बंद कर दिया। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने संबंधित थाने को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।












