नेशनल हाईवे- 9 पर कार के पास खड़े व्यक्ति को ट्रक ने मारी टक्कर, कार सवार की मौत

हापुड़।
थाना सिंभावली क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 9 पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार के पास खड़े एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका परिवार बाल बाल बच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम को जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के नौगावा सादात थाना क्षेत्र के गांव सिकरिया के निवासी मोहम्मद जरीफ अहमद अपने परिवार के साथ टोयोटा कोरोला कार से परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। उनके साथ पत्नी नरगिस खातून, बेटा सोफियान और दो बेटियां भी मौजूद थीं।
मृतक के भाई मोहम्मद युसूफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार देर रात करीब एक बजे कार सिंभावली न्यू बाईपास के पास पहुंची, तो जरीफ अहमद ने पेशाब करने के लिए गाड़ी को हाईवे से नीचे कच्चे किनारे पर खड़ा कर दिया और खुद कार से उतर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जरीफ अहमद कार के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, परन्तु कार के अंदर मौजूद उनका परिवार सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।












