नेशनल हाईवे- 334 पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, एयर बैग खुले, बाल बाल बचे झुग्गीवासी ,शराब के नशे में धुत ड्राइवर को बाहर निकला

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 334 पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराईं, जिससे कार में एयरबैग खुल गए और कार चालक की जान बच गई। कार चालक शराब के नशे में धुत बताया गया। हांलांकि हादसे में सड़क किनारे झुग्गी डालकर रह रहे धूधलिए बाल बाल बच गए। घटना से जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर ट्रेफिक सुचारू किया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को एक कार मेरठ से हापुड़ की तरफ आ रही थी , अचानक वैगनआर कार दीवान स्कूल के सामने बने डिवाइडर से अनियंत्रित होकर टकरा गई। जिसकी आवाज सुनकर सड़क किनारे रह रहे धूधलिए झुग्गी से बाहर निकल आए और कार सवार को बाहर निकाला।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का सेफ्टी एयर बैग खुल गया। लोगों ने जब चालक को बाहर निकाला तो वह शराब के नशे में धुत्त पाया गया। उसे सड़क किनारे बैठाकर पुलिस को सूचना दी गई।
भीड़ में मौजूद लोगों ने बताया कि अगर कार डिवाइडर से न टकराती और सीधा झुग्गियों की तरफ चली जाती तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
हादसे के बाद दोनों ओर से यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। भीषण गर्मी में सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंग-रेंगकर कर चल रहे थे । कई वाहन चालक जाम में देर तक फंसे रहे।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क में खड़ी क्षतिग्रस्त कार को तुरंत क्रेन बुलाकर किनारे लगवाया गया और ट्रैफिक सुचारू किया।












