सुसराल से वापस जाते समय पत्नी सहित लापता हुए देहरादून के प्रॉपर्टी डीलर, हरिद्वार में सीसीटीवी कैमरे में रिक्शा में जाते हुए दिखाई दिए, पुलिस जांच में जुटी

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के विवेक विहार स्थित अपनी सुसराल से वापस देहरादून दो कारों में लौट रहे प्रोपर्टी डीलर अपने परिवार सहित संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। पुलिस को जांच में उनकी दोनों कारें हरिद्वार की एक पार्किंग में खड़ी मिली हैं और दंपति एक रिक्शा में बैठकर सीसीटीवी कैमरे में जाते हुए दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी शास्वत गर्ग पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून के रजापुर थाना क्षेत्र की उषा कॉलोनी में रहते हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करते हैं। उनकी ससुराल हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित मोहल्ला विवेक विहार में है।
बताया गया है कि शास्वत गर्ग हाल ही में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दो कारों में सवार होकर ससुराल आए थे। एक दिन रुकने के बाद 17 अक्टूबर को उन्होंने देहरादून लौटने की बात कहकर ससुराल से प्रस्थान किया।
जब वह अपने देहरादून स्थित घर नहीं पहुंचे, तो उनके साले ने हापुड़ कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर् निकलवाई, जिससे दोनों वाहनों की लोकेशन हरिद्वार की एक पार्किंग में मिली।
परिजन हरिद्वार पहुंचे तो दोनों कारें पार्किंग में खड़ी मिलीं। लेकिन शास्वत गर्ग और उनका परिवार वहां नहीं था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर की गाड़ियां हरिद्वार तक पहुंचने की पुष्टि फोन लोकेशन से हुई है। वहां के सीसीटीवी कैमरे में वह लोग एक रिक्शा में जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।












