दुकान से घर जा रही महिला से ठगों ने कागज की गड्डी देकर कुंडल उतरवाकर हुए फरार

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के तहसील चौराहे पर दो टप्पेबाज एक महिला से उसके कानों के कुंडल लेकर भाग गए। आरोपियों ने रुपये बताकर कागज की गड्डी महिला के हाथों में थमा दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने टप्पेबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला सिद्धार्थनगर निवासी कविता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह तहसील चौराहा स्थित एक दुकान पर काम करती हैं। 26 अगस्त की शाम को वह दुकान से लौटते समय गाय वाले मंदिर पर पहुंची थीं। इसी बीच दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान युवकों ने अपनी बातों में
उन्हें फंसा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके कानों के कुंडल उतरवा लिए। इसके बदले बड़ी रकम देने की बात कहते हुए आरोपियों ने रुपये बताकर कागज की एक गड्डी महिला के हाथों में थमा दी थी और रफूचक्कर हो गए। उनके जाने के बाद महिला को ठगी के बारे में पता चला।
इाके बाद वह कोतवाली पहुंची और पुलिस से मामले की शिकायत की। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर टप्पेबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है।












