तेज रफ्तार ऑटो पलटा, ड्राइवर पर अश्लील गाने बजाकर छात्राओं से अभद्रता करने का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़ ।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में
हिंडालपुर गांव निवासी दो छात्राएं ऑटो पलटने से घायल होने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। युवतियों ने चालक पर अभद्रता और अश्लील गाने बजाने का आरोप भी लगाया।
पुलिस के अनुसार घटना 23 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। दो युवतियां सरस्वती कोचिंग सेंटर से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार में ऑटो चलाने लगा और अश्लील गाने बजाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।
युवतियों ने विरोध किया तो चालक ने और खतरनाक ढंग से ऑटो चलाना शुरू कर दिया। धौलाना कट के पास ट्रक से टक्कर लगते-लगते बची। इसके बाद छिजारसी टोल प्लाजा के पास ऑटो पलट गया। हादसे में दोनों घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार घायलों का इलाज कराया गया है और चालक पर मकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












