महिला चिकित्सक से झूठ बोल कर की शादी, अब दहेज के लिए करता है मारपीट


हापुड़ । थाना सिंभावली क्षेत्र में एक महिला आयुर्वेदिक चिकित्सक के साथ शादी के बाद दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री जो राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय डॉक्टर हैं। उन्होंने बेटी की शादी 20 अप्रैल 2024 को बुलंदशहर जनपद के गांव निवासी युवक के साथ की थी। शादी से पहले युवक ने खुद को बड़े अस्पताल का डॉक्टर बताया। विवाह में कार, नकदी, जेवरात व घरेलू सामान सहित करीब 45 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं हुआ। आरोप है कि युवक शराब व नशे का आदी है और पत्नी की तनख्वाह जबरन ले लेता था। मारपीट की। समय समय पर आरोपी उनकी बेटी का उत्पीड़न करने लगे। पुलिस ने लगाए गए आरोपों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












