जिले में अमान्य स्कूल शीघ्र बंद कराये जायेंगे:डीएम

जिले में अमान्य स्कूल शीघ्र बंद कराये जायेंगे:डीएम
-स्कूलों को मानक के अनुसार चलाये,बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता सुधारे
,हापुड़ ।
डीएम अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि जिले में संचालित अमान्य स्कूलों को शीघ्र बंद कराया जायेगा। संचालक अपने-अपने स्कूलों को विभाग के मानकों के अनुसार संचालित करें। आईटीई के तहत बच्चों को अपने विद्यालयों में शत प्रतिशत दाखिला दें। स्कूलों से बार-बार मान्यता की छाया प्रति नहीं मांगी जाये।
गुरुवार को डीएम अभिषेक पाण्डेय मोदीनगर रोड स्थित ब्रहमादेवी बालिका मंदिर विद्यालयों में मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबन्धक व प्रधानाचार्यों की आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई अधिकारी स्कूल संचालकों को उत्पीडऩ करता है,तो वह उसकी शिकायत उनके कार्यालय में आकर कर सकते है। स्कूल संचालकों का उत्पीडऩ नहीं होने दिया जायेगा।
डीएम ने कहा कि सभी स्कूल प्रबन्धक व प्रधानाचार्या यू-डाइस फीडिग़ के कार्य में प्रगति लाये। साथ ही स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने का कार्य करें। गरीब बच्चों को अपने विद्यालय में जरूर पढ़ाये।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रीतु तोमर ने कहा कि मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्रबन्धक,प्रधानाचार्य अमान्य स्कूलों के बच्चों को अपने विद्यालयों में प्रवेश नहीं दें,आगामी तीन दिवस में मान्यता की छाया प्रति,अग्निशमन प्रमाण पत्र व एनबीसी प्रमाण की छाया प्रति कार्यालय में जरूर जमा करायें। साथ ही यू-डाइस कार्य को प्राथमिकता करें,शासन से इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। बैठक का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी देशराज वत्स ने किया।
इस अवसर पर नगर शिक्षा अधिकारी मनोज गुप्ता,खंड शिक्षा अधिकारी रचना सिंह,पंकज चतुर्वेदी,डीसी अमित शर्मा आदि उपस्थित रहे।












