शेयरों में निवेश के नाम पर टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों ने की 6.64 लाख रुपये की ठगी

शेयरों में निवेश के नाम पर
टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों ने की 6.64 लाख रुपये की ठगी
हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश करने के नाम पर 6.64 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नंगला बड़ निवासी अनमोल त्यागी ने बताया कि उसकी बातचीत टेलीग्राम पर दीपक कुमार नामक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को निवेश सलाहकार बताया और उसे गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयरों में निवेश करने का सुझाव दिया। उसने कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर अनमोल का विश्वास जीत लिया।
आरोपी के झांसे में आकर अनमोल ने 25 जून 2025 को पेटीएम के जरिए एक लाख रुपये ट्रांसफर किए। उसी दिन उसने भारतीय स्टेट बैंक की गढ़मुक्तेश्वर शाखा से 86,460 रुपये भेजे। अगले दिन, 26 जून को, युवक ने यूको बैंक के खाते से 4,78,044 रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 6,64,504 रुपये अपने खाते में जमा करवा लिए।
कुछ समय बाद, आरोपी ने अनमोल से 7 लाख रुपये और निवेश करने की मांग की। इस पर पीड़ित को शक हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे। ना देने पर ठगी का एहसास हुआ ,जिसकी तहरीर थाने में दी गई है।
साइबर थाना प्रभारी पटनीश यादव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











