घर में टब में रखे 13 कछुए बरामद, तस्कर गिरफ्तार

घर में टब में रखे 13 कछुए बरामद, तस्कर गिरफ्तार
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में वन विभाग ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर घर के टब में रखे 13 कछुए बरामद किए।
क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश कंडपाल ने बताया कि
मेरठ वन विभाग की टीम ने दो कछुओं के साथ एक तस्कर को पकड़ा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हापुड़ में बड़े पैमाने पर कछुओं की तस्करी की जाती है और वह वहीं से कछुए लाया था। मेरठ के क्षेत्रीय वन अधिकारी रविकांत चौधरी, वन दरोगा मोहन सिंह, वन रक्षक दीपक सिंह, हापुड़ के वन दरोगा गौरव गर्ग, वन रक्षक राहुल और साइलो द्वितीय चौकी प्रभारी विरेंद्र सिंह की संयुक्त टीम ने आरोपी की निशानदेही पर असौड़ा गांव में शाहरुख नामक व्यक्ति के घर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम को एक टब में 13 कछुए मिले। टीम ने मौके से आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग ने शाहरुख के खिलाफ वन्य जीव तस्करी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
डीएफओ अर्शी मलिक ने बताया कि बरामद सभी कछुओं को सुरक्षित रूप से गंगा नदी में छोड़ दिया गया है।












