ग्राम सचिव पर अभद्र व्यवहार और परिवार रजिस्टर की नकल न देने का आरोप

ग्राम सचिव पर अभद्र व्यवहार और परिवार रजिस्टर की नकल न देने का आरोप
हापुड़ जनपद की तहसील धौलाना के ग्राम सपनावत से एक मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत सचिव पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और परिवार रजिस्टर की नकल देने से इनकार करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पीड़ित ने जिलाधिकारी हापुड़ को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अमर प्रताप सिंह पुत्र रामभूल सिंह, निवासी ग्राम व पोस्ट सपनावत, तहसील धौलाना, विकास खंड धौलाना, जिला हापुड़ ने बताया कि वह दिनांक 11 फरवरी 2026 को दोपहर के समय पंचायत घर सपनावत अपने परिवार की परिवार रजिस्टर की नकल बनवाने के लिए गया था। उस समय पंचायत घर पर ग्राम पंचायत सचिव ज्योति मिश्रा मौजूद थीं।
आरोप है कि जब शिकायतकर्ता ने परिवार रजिस्टर की नकल देने का अनुरोध किया तो ग्राम सचिव ने असंतोषजनक रवैया अपनाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि डीएम द्वारा पहले से ही बहुत काम दिया गया है, इसलिए वह परिवार रजिस्टर की नकल नहीं दे सकतीं। पीड़ित के अनुसार, दोबारा आग्रह करने पर ग्राम सचिव ने और भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया तथा यह कहते हुए वहां से चले जाने को कहा कि “जो करना है डीएम से शिकायत कर दो, यहां कोई रिकॉर्ड नहीं है।”
पीड़ित ने जिलाधिकारी से ग्राम सचिव के इस व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।












