युवती का मोबाइल चोरी कर यूपीआई के माध्यम से खाते से उड़ाए 1.98 लाख रुपये

युवती का मोबाइल चोरी कर यूपीआई के माध्यम से खाते से उड़ाए 1.98 लाख रुपये
हापुड़। थाना हापुड़ क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोहल्ला जेके कॉलोनी निवासी आंचल राठौर का मोबाइल चोरी कर शातिर चोरों ने यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से 1.98 लाख रुपये निकाल लिए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़िता आंचल राठौर ने बताया कि 17 अप्रैल को वह कॉलेज से बस में सवार होकर घर लौट रही रही थीं। इसी बीच किसी ने उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घर पहुंचने पर उन्हें फोन चोरी होने की जानकारी हुई थी। इसके बाद सिम बंद कराने के लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था। 19 अप्रैल को अपने खाते में बैलेंस का पता करने के लिए बैंक गई थी। यहां पहुंचने पर बैंक कर्मचारियों ने 17 व 18 अप्रैल को चार बार में यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से 1.98 लाख रुपये निकलने की जानकारी दी थी। जानकारी होने पर उन्होंने अपना खाता सीज करा दिया था। इसी दिन वह कोतवाली पहुंची और पुलिस से मामले की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की शातिर चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












