कब्रिस्तान के पास दो युवकों ने किया युवती से रेप का प्रयास, एफआईआर दर्ज

कब्रिस्तान के पास दो युवकों ने किया युवती से रेप का प्रयास, एफआईआर दर्ज

हापुड़। पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान के पास पिता की दवा लेने मेडिकल स्टोर पर जा रही युवती ने दो युवकों पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला निवासी युवक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन सिलाई-कढ़ाई का काम करती है। आठ दिसंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसकी बहन पिता की दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर जा रही थी। आरोप है कि फहीम निवासी मोहल्ला सद्दीकपुरा व बिज्जू निवासी मोहल्ला गढ़ी ने उनकी बहन को रास्ते में रोक लिया और उससे बातें करने लगे। वह दोनों आरोपियों को पहले से ही जानते और पहचानते हैं। इसके बाद आरोपी उसकी बहन को जबरन मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान के पास
ले गए और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। जिन्हें देख आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर उसकी बहन को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। लोकलाज के कारण उसकी बहन ने घटना के बारे में उन्हें नहीं बताया और न ही पुलिस से शिकायत की। बाद में बहन ने घटना के बारे में उन्हें जानकारी दी। इसके बाद वह बहन को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि भाई की तहरीर पर फहीम व बिज्जू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।












