कार सवार बदमाशों पर दूध सप्लायर से लूट का आरोप, एफआईआर दर्ज

दूध व्यापारी पर हमला कर 35 हजार रुपये लूटने का आरोप

हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर सलामतपुर निवासी महावीर सिंह ने कार सवार कुछ लोगों पर दूध सप्लाई करने जाते समय गांव शकरपुर वाले रास्ते पर उनके भतीजे दीपक पर सरिया व डंडों से जानलेवा हमला कर उससे 35 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। हमले में दूध व्यापारी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
आसपास के लोगों ने व्यापारी को गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार दिन बाद दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
“महावीर सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका भतीजा दीपक आसपास के क्षेत्र में दूध सप्लाई करता है। 20 दिसंबर की शाम करीब छह बजे उनका भतीजा रोज की तरह गांव से कुचेसर रोड पर दूध सप्लाई करने जा रहा था। गांव शकरपुर वाली चकरोड के सामने सुशील के खेत के पास पहुंचने पर पहले से ही
घात लगाए बैठे कार सवार कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि गांव के ही पिंटू व पपला गुर्जर हाल निवासी नेचोली फरीदाबाद हरियाणा व दो अज्ञात व्यक्तियों ने सरिया, डंडों व तमंचों से उनके भतीजे पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया।
हमले में उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनके भतीजे की जेब में रखे दूध के 35 हजार रुपये भी लूट लिए। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने व आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि चाचा की तहरीर पर पिंटू, पपला गुर्जर व दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












